गुरु पूर्णिमा पर भाजपा मंडल रतनपुर ने किया संत समाज का भव्य सम्मान
बिलासपुर/रतनपुर, 11 जुलाई।
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बीते गुरुवार 10 जुलाई को भारतीय जनता पार्टी मंडल रतनपुर द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों के पूज्य पुजारियों, संतों और साधुओं को शाल, श्रीफल एवं पुष्पमालाओं से सम्मानित किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना को जाग्रत करना एवं सनातन संस्कृति की महान परंपरा को संरक्षित करना रहा।
समारोह में वक्ताओं ने गुरु की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु को ईश्वर से भी श्रेष्ठ स्थान प्राप्त है। गुरु ही अपने शिष्य को अज्ञानता के अंधकार से निकालकर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाते हैं। संत समाज हमारे समाज की आध्यात्मिक धरोहर हैं, जिनकी सेवा और आशीर्वाद से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा के मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्ताओं ने पूरे श्रद्धा भाव से संतों का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर लवकुश कश्यप, दुर्गा बबलू कश्यप, ज्वाला कौशिक, सुरेश सोनी, घनश्याम रात्रे, संतोष यादव, लोकेश्वर तिवारी, मध्यम सिंह, दिनेश प्रभाकर, शिवेंद्र गुप्ता, भाऊ राम जयसवाल, गोवर्धन सिंह, संजय सोनी, तुला राम, कुश कहरा, बीनू निराला, सावित्री रात्रे, उषा चौहान, सविता धीवर, राजकुमारी बिसेन, प्रमिला कश्यप और शिवानी सोनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में संतों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और सद्भाव के लिए आशीर्वचन दिए एवं उपस्थित जनसमूह को सत्संग, सेवा और संयम का मार्ग अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का संचालन गरिमामयी वातावरण में पूर्ण भक्ति भाव से किया गया, जिससे उपस्थित सभी जन मानस ने अपने विचार व्यक्त किया.
