मरवाही में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां देवर ने अपनी ही भाभी की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना दानीकुंडी गांव की है, जहां आरोपी गुलाब चौधरी उर्फ गुलटा ने अपनी भाभी सुनीता चौधरी को घर से बुलाकर अपने घर ले गया और वहां उसकी हत्या कर दी।
पुलिस को सूचना मिली कि गुलाब चौधरी के घर के पीछे एक महिला का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान सुनीता चौधरी के रूप में की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि घटना के समय सुनीता का पति रिश्तेदारी में बाहर गया हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने उसे जबरदस्ती मोटरसाइकिल में बैठाकर अपने घर ले गया।
बताया जा रहा है कि दोनों ने एक साथ शराब पी, जिसके बाद आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर आरोपी ने गला दबाकर महिला की हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को छिपाने की कोशिश की गई, लेकिन सुबह होने के कारण आरोपी शव को घर के पीछे ही छोड़कर भाग निकला।
आरोपी टीकठी गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल हुआ और फिर अपनी पत्नी के साथ बस स्टैंड पहुंचा। इसी दौरान मरवाही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
