-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

छात्रसंघ शपथ ग्रहण समारोह... कृषि महाविद्यालय की पहल


छात्रसंघ शपथ ग्रहण समारोह

 कृषि महाविद्यालय की पहल

बिलासपुर - मुझे यह जानकर अत्यंत हर्ष हो रहा है कि बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर तथा कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, लोरमी-मुंगेली के छात्रसंघ शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जा रहा है। स्थापना से ही दोनों महाविद्यालयो ने शिक्षा, अनुसंधान एवं विस्तार गतिविधियों में उत्तरोत्तर उन्नति एवं प्रगति की है। जिसके लिए मैं सभी पूर्व अधिष्ठाताओं, महाविद्यालय के प्राध्यापक गण, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों एवं छात्र -छात्राओं को बधाई देता हूं। उक्त उदगार डॉ. गिरीश चंदेल, कुलपति, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर ने बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर तथा लोरमी-मुंगेली के छात्रसंघ शपथ ग्रहण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि की आसंदी से व्यक्त किया। आपने आगे कहा कि शिक्षा एक इंसान के जीवन में बहुत अहमियत रखती है। शिक्षा से ही मनुष्य के जीवन का सर्वांगीण विकास होता है। इसलिए जीवन में अगर कुछ बनना है तो उसके लिए शिक्षा जरूरी है। ऐसे आयोजन युवाओं को अभिव्यक्ति का मंच प्रदान करते हैं। छात्र अपनी ऊर्जा का सकारात्मक एवं सृजनात्मक क्षमताओं का उपयोग अपने सर्वांगीण विकास हेतु करें।

आपने आगे कहा कि सकारात्मक विचार से ही परिणाम अच्छे मिलते हैं। हमेशा सकारात्मक सोच दिमाग में रखनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा इंसान को व्यवहारिक बनाती है। समय के साथ संस्कारवान बनना होगा। युवा  देश का भविष्य है। संस्कारवान पीढ़ी ही देश के विकास का आधार होती है। अपनी क्षमता को पहचान कर उसे बढ़ाने का प्रयास करें। चुनौतियों का सामना करें एवं आने वाले भविष्य की चुनौतियां की तैयारी करें । एक बार पुनः आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं l

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

अपने स्वागत उद्बोधन में डॉ.एन.के.चौरे, अधिष्ठाता कृषि महाविद्यालय बिलासपुर ने कहा कि हमारी युवा पीढ़ी ही देश के कर्णधार हैं। इन्हें तराश कर देश के नवनिर्माण में भूमिका निभाने की जरूरत है। छात्रों को सिर्फ किताबी शिक्षा देना मूल उद्देश्य नहीं होना चाहिए बल्कि उनमें कला, खेल व देश- प्रेम की भावना अभी से भरने की जरूरत है।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ.एस. एल. स्वामी, अधिष्ठाता कृषि महाविद्यालय लोरमी ने अपने उद्बोधन में कहा कि लक्ष्य तय करके ही विद्यार्थियों को पढ़ाई करनी चाहिए। जिसका लक्ष्य निर्धारित नहीं होता उसको मंजिल नहीं मिलती है। इसलिए लक्ष्य के साथ कठिन परिश्रम कर पढ़ाई की जाए तो सफलता अपने आप मिल जाती है।

नवगठित छात्रसंघ ने लिया पद एवं गोपनीयता की शपथ

इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने छात्रसंघ के नव मनोनीत पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई l शैक्षणिक सत्र 2024-25 हेतु कृषि महाविद्यालय बिलासपुर के अध्यक्ष के रूप में सुश्री पी. लक्ष्मी नागा प्रमिला, उपाध्यक्ष सुश्री मानसी चंद्राकर, सचिव सुश्री मनुश्री मेहता एवं सह-सचिव सुश्री पी. दीपिका को तथा कृषि महाविद्यालय लोरमी- मुंगेली के अध्यक्ष के रूप में सुश्री नेहा निषाद, उपाध्यक्ष सुश्री शांति साव तथा सह-सचिव रूपेश कुमार पटेल को शपथ दिलाई गई l 

कक्षा प्रतिनिधियों को भी दिलाई गई शपथ

इस अवसर पर कक्षा प्रतिनिधियों को भी शपथ दिलाई गई जिनमें कृषि महाविद्यालय, बिलासपुर के एमएससी कृषि पूर्व की सुश्री कृतिका भारद्वाज तथा विनायक बादल पैकरा, बीएससी कृषि चतुर्थ वर्ष की सुश्री अमृता, बीएससी कृषि तृतीय वर्ष की सुश्री आकांक्षा कश्यप, बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष के नितिन साहू तथा पंकज कुमार, बीएससी कृषि प्रथम वर्ष के गौतम कुमार कुम्हार एवं सुश्री शालिनी रात्रे तथा कृषि महाविद्यालय लोरमी -मुंगेली के बीएससी कृषि प्रथम वर्ष की सुश्री यशुमति, बीएससी द्वितीय वर्ष के चेतन वर्मा, बीएससी कृषि तृतीय वर्ष की सुश्री गीतांजलि करवार ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

खेलकूद में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी किया गया पुरस्कृत

इस अवसर पर मुख्य अतिथि महोदय ने अंतर क्षेत्रीय (विश्वविद्यालय स्तरीय) खेलकूद प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अनुराग टोप्पो, वीणा उसारे तथा अनंत राम कश्यप को प्रमाण पत्र एवं पदक प्रदान कर पुरस्कृत किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक प्रभारी अजीत विलियम्स ने एवं अंत में प्राध्यापक एवं प्रभारी छात्रसंघ राजेश कुमार साहू ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर कृषि महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक गण, वैज्ञानिक, कर्मचारीबंधु एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.