सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था हादसे का वीडियो, पुलिस ने CCTV फुटेज से की पहचान
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 09 अप्रैल 2025।
पांच दिन पूर्व सिंध मेडिकल के सामने सड़क पार कर रही एक महिला को मोटरसाइकिल सवार ने टक्कर मार दी थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल एवं थाना पेंड्रा की संयुक्त टीम को आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
संयुक्त टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की गहन जांच कर मोटरसाइकिल सवारों की पहचान की। जांच में यह सामने आया कि बाइक चालक सहित दोनों युवक नाबालिग हैं और विधि से संघर्षरत बालक की श्रेणी में आते हैं।
विधिक प्रक्रिया के अंतर्गत, मोटर व्हीकल एक्ट के तहत उनके परिजनों के विरुद्ध प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस ने आगे की वैधानिक कार्यवाही भी शुरू कर दी है।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। यह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे गंभीर दुर्घटनाएं भी हो सकती हैं, जिससे जन-धन की हानि होती है।
