कोरबा में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, संगठन की मजबूती पर जोर : मनोज शर्मा
कोरबा। नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कोरबा जिले में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा ने अपनी राजनीतिक पकड़ और मजबूत कर ली है। इस जीत के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा ने प्रेस क्लब में मीडिया से बातचीत की और इस सफलता का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की रणनीति को दिया।
नगर निकायों में भाजपा का परचम
भाजपा ने नगर निगम कोरबा, नगर पालिका दीपिका, नगर पालिका बाकी मोगरा, नगर पंचायत पाली और नगर पंचायत छुरी में जीत दर्ज कर अपनी मजबूती साबित की। इसके साथ ही जिले के पांच जनपद—कोरबा, करतला, पाली, कटघोरा एवं पोड़ी उपरोड़ा में भी भाजपा के प्रत्याशी अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। जिला पंचायत कोरबा में भी भाजपा ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
जनता के विश्वास और संगठन की मेहनत का नतीजा
भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा ने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूत रणनीति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा अनुशासन और जनसेवा को प्राथमिकता देती है और जो भी पार्टी की गरिमा के विपरीत कार्य करेगा, उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने इस जीत को जनता के विश्वास और भाजपा की विकासोन्मुखी नीतियों का प्रमाण बताते हुए सभी विजयी प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा जनहित में कार्य करना जारी रखेगी और प्रदेश में विकास की गति को और तेज करेगी।
मोदी और विष्णु देव साय की नीतियों का असर
भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय देते हुए मनोज शर्मा ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की जनहितकारी नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता देती है और इसी कारण जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है।
नगर निगम कोरबा समेत जिले की अन्य निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत संगठन की मजबूत रणनीति और स्थानीय नेताओं की मेहनत का नतीजा है। भाजपा ने इसे जिले में एक नए युग की शुरुआत बताते हुए कहा कि पार्टी जनसेवा के लिए समर्पित रहेगी और विकास की दिशा में आगे बढ़ती रहेगी।
