पाली में कोयला खदान विवाद बना खूनी संघर्ष, ट्रांसपोर्टर की हत्या से तनाव
पाली (कोरबा)। कोयला खदान पर वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच खूनी झड़प में ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
गैंगवार में चली गोलियां, बढ़ा तनाव
शुक्रवार रात करीब 10 बजे सरायपाली बुड़बुड़ खदान पर लोडिंग को लेकर दो गुटों में विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। इस दौरान हथियारों से लैस हमलावरों ने रोहित जायसवाल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रोहित को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना में अन्य कई लोग भी घायल हुए, जिनमें से दो को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आक्रोशित लोगों ने किया नगर बंद का ऐलान
घटना के बाद पाली शहर में रोष फैल गया। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने विरोध स्वरूप शनिवार को नगर बंद का आह्वान किया। मृतक के परिजनों और आम जनता का आरोप है कि पुलिस को इस विवाद की जानकारी पहले से थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे यह घटना हुई।
भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित 16 लोगों पर मामला दर्ज, 12 गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में 16 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों में भाजपा मंडल अध्यक्ष रोशन ठाकुर, गौरव सिंह ठाकुर, वासु ठाकुर, सौरभ श्रीवास, सुशांत ठाकुर उर्फ सीजू, संस्कार ठाकुर, मोंटी कश्यप, मुकेश श्रीवास, सुनील सागर, प्रभात दुबे, निलेश सिंह राज, कैलाश कैवर्त, अनिल मरावी उर्फ छोटू, मयंक सिंह ठाकुर, सूरज पासवान और एसईसीएल के सब एरिया मैनेजर सुरेंद्र सिंह चौहान शामिल हैं। पुलिस ने अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की तलाश जारी है।
पुलिस प्रशासन सतर्क, एसपी ने संभाला मोर्चा
पाली क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी मौके पर पहुंचे और थाना में डटे रहे। साइबर टीम सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियां घटना से जुड़े संदेहियों की पहचान कर रही हैं। पाली थाना क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात है।
पाली थाना प्रभारी लाइन अटैच
घटना के दौरान थाना प्रभारी विनोद सिंह की गैरमौजूदगी और लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने उन्हें तत्काल लाइन अटैच कर दिया। उनकी जगह दर्री थाना प्रभारी राजेश तिवारी को पाली थाना का प्रभार सौंपा गया है, जबकि दर्री थाना की जिम्मेदारी निरीक्षक ललित चंद्रा को दी गई है।
भाजपा नेताओं ने की प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही जिला भाजपा अध्यक्ष मनोज शर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय भावनानी और पाली नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल पाली पहुंचे। उन्होंने थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और निष्पक्ष जांच की मांग की।
पाली में इस खूनी संघर्ष के बाद से स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
