-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

बिहार दिवस पर छत्तीसगढ़ में धूमधाम से मना ‘बिहार तिहार’, मुख्यमंत्री बोले— ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का सपना होगा साकार

बिहार दिवस पर छत्तीसगढ़ में धूमधाम से मना ‘बिहार तिहार’, मुख्यमंत्री बोले— ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का सपना होगा साकार

दुर्ग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ अभियान के तहत पूरे देश में 75 स्थानों पर बिहार दिवस मनाया गया। छत्तीसगढ़ में इसे ‘बिहार तिहार’ के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दुर्ग बायपास रोड स्थित एक निजी होटल में स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रदेश भाजपा संगठन प्रभारी एवं बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर और छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत ‘अरपा पैरी के धार’ के गायन से हुई। इस अवसर पर उत्तर भारतीय समाज के प्रमुखों का सम्मान मोमेंटो और साल भेंट कर किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बिहार दिवस की शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिहार दिवस की बधाई देते हुए कहा कि बिहार और छत्तीसगढ़ की संस्कृति बहुत हद तक समान है। छत्तीसगढ़ और झारखंड का निर्माण एक ही समय में हुआ था और इसके निर्माता अटल बिहारी वाजपेयी थे। उन्होंने बताया कि उनके ननिहाल झारखंड में है, जो पहले बिहार का हिस्सा था, इसलिए उन्हें अविभाजित बिहार से विशेष लगाव है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बिहार के हजारों लोग छठ पर्व मनाते हैं, और उनके अपने विधानसभा क्षेत्र के एक तालाब में 10,000 से अधिक लोग छठ पर्व के लिए एकत्रित होते हैं। उन्होंने देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद और ऐतिहासिक नालंदा विश्वविद्यालय का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार की गौरवशाली परंपरा पूरे देश को प्रेरित करती है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ‘मोदी जी की गारंटी’ को पूरा करने के लिए धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जा रही है, 70 लाख महिलाओं को ‘महतारी वंदन योजना’ का लाभ मिल रहा है और 5 लाख कृषिहीन किसानों को सहायता दी जा रही है।

नितिन नबीन बोले— बिहार अब जात-पात पर नहीं, विकास के नाम पर बढ़ेगा

छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी एवं बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन ने बिहार स्थापना दिवस पर कहा कि बिहार अब जात-पात की राजनीति से आगे बढ़कर विकास की राह पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार में जंगलराज था, भय और बेरोजगारी के कारण लोग पलायन कर रहे थे, लेकिन अब बिहार में विकास की बयार बह रही है।

उन्होंने कहा कि बिहार वीरों की भूमि है, लेकिन एक समय ऐसा था जब वहां गुंडागर्दी और अपराध का बोलबाला था। अब बिहार सुरक्षित हो गया है, सड़कों का निर्माण तेजी से हो रहा है और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को धन्यवाद देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की ‘महतारी वंदन योजना’ बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र महिलाओं को लाभ दे रही है।

भाजपा नेताओं ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ को साकार करने का संकल्प लिया

भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा राष्ट्रवाद को प्राथमिकता दी है और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का सपना साकार करने के लिए सभी राज्यों को मिलकर कार्य करना होगा।

इस अवसर पर विधायक रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, भाजपा जिला संगठन प्रभारी संदीप शर्मा, पूर्व मंत्री रमशिला साहू, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चंद्रिका चंद्राकर, भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, महापौर अलका बाघमार, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, पूर्व विधायक लाभचंद बाफना, भाजपा जिला महामंत्री प्रेमलाल साहू सहित कई गणमान्य नेता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का हुआ भव्य समापन

भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने समारोह को संबोधित किया और जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान बिहार और छत्तीसगढ़ के संबंधों को और मजबूत करने तथा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने का संकल्प लिया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.