-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

जनसमस्या निवारण शिविर में 432 आवेदन, 32 का मौके पर निराकरण

जनसमस्या निवारण शिविर में 432 आवेदन, 32 का मौके पर निराकरण

विधायक मरपच्ची बोले – गरीब एवं दूरस्थ ग्रामीणों को शिविर का अधिकतम लाभ मिले

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। ग्राम पंचायत उषाढ़ में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में कुल 432 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 32 का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष आवेदनों के त्वरित निपटारे हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है। शिविर में विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

विभिन्न विभागों को प्राप्त आवेदन
शिविर में पंचायत विभाग को 124, राजस्व विभाग को 120, खाद्य विभाग को 44, पशु चिकित्सा विभाग को 30, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को 26, विद्युत विभाग को 16, महिला एवं बाल विकास विभाग को 14, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को 12, वन विभाग को 11, शिक्षा, जल संसाधन एवं कृषि विभाग को 7-7, सहकारिता एवं समाज कल्याण विभाग को 3-3, स्वास्थ्य एवं क्रीड़ा विभाग को 2-2 तथा मत्स्य, पुलिस, आदिवासी विकास और परिवहन विभाग को 1-1 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से पशु चिकित्सा विभाग ने 22, खाद्य विभाग ने 4, स्वास्थ्य एवं सहकारिता विभाग ने 2-2 और राजस्व एवं समाज कल्याण विभाग ने 1-1 आवेदनों का निराकरण मौके पर किया।

विधायक ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने कहा कि सरकार गरीब एवं दूरस्थ ग्रामीणों की सुविधा के लिए ऐसे शिविर आयोजित कर रही है, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर हो सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का शीघ्रता से निपटारा किया जाए और योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई गड़बड़ी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि जागरूक लोग जिला मुख्यालय जाकर अपने कार्य करवा लेते हैं, लेकिन गरीब एवं भोले-भाले ग्रामीणों को शिविर का अधिकतम लाभ मिलना चाहिए।

कलेक्टर ने गुणवत्तापूर्ण समाधान पर दिया जोर
कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पंचायत स्तर पर जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित होकर योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ समस्याओं का समाधान भी कर रहे हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को पात्रता अनुसार हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने और आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।

जनप्रतिनिधियों ने सराहा
जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह और सदस्य बूंदकुंवर मास्को ने जिला प्रशासन को धन्यवाद देते हुए ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में ऐसे शिविरों का लाभ उठाने की अपील की। जनपद सदस्य बूंदकुंवर मास्को ने उषाढ़, बेलझिरिया और अन्य भालू-हाथी प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र मुआवजा दिलाने, चनाडोंगरी, तेंदूमुड़ा और परासी पंचायतों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाई।

विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ वितरण
शिविर में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग: 5 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और 5 शिशुवती महिलाओं के बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया।

समाज कल्याण विभाग: दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन योजना, उच्च शिक्षा प्रोत्साहन योजना एवं सहायक उपकरण योजना के तहत लाभान्वित किया गया।

 *स्वास्थ्य विभाग: निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और दवा वितरण किया गया।* 

कृषि विभाग: किसानों का पंजीयन किया गया।

परिवहन विभाग: ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए।

राजस्व विभाग: 24 स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र एवं किसानों को ‘किसान किताब’ प्रदान की गई।


जनसमस्या निवारण शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति
शिविर में जिला पंचायत सदस्य राधा मुरारी रैदास, राजेश नंदिनी, जनपद अध्यक्ष जानकी कुसरो, उपाध्यक्ष अरविंद जायसवाल, जनपद सदस्य किशमिश भानू, सरपंच गेंदलाल सहित कई जनप्रतिनिधि, एसडीएम प्रफुल्ल रजक, तहसीलदार प्रीति शर्मा, जनपद सीईओ विनय सागर तथा सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं और लाभ प्राप्त किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.