-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

कृषि महाविद्यालय में मनाया गया राष्ट्रीय युवा दिवस

 भारत को जानना है तो स्वामी विवेकानंद को जानना होगा- स्वामी सेवाव्रतानंद महाराज

कृषि महाविद्यालय में मनाया गया राष्ट्रीय युवा दिवस 

बिलासपुर - बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर तथा कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, लोरमी-मुंगेली के संयुक्त तत्वाधान में युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद की 162 वीं जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई गई। भारत सरकार द्वारा वर्ष 1984 से 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा की गई थी। पश्चात प्रतिवर्ष सन 1985 से 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष राष्ट्रीय युवा दिवस का थीम " राष्ट्र निर्माण के लिए युवा सशक्तिकरण"रखा गया है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वामी सेवाव्रतानंद महाराज, सचिव, रामकृष्ण मिशन, बिलासपुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज का दिन पुण्य का दिन है। क्योंकि आज के दिन स्वामी विवेकानंद का जन्म हुआ था। स्वामी जी के दर्शन, सिद्धांत, विचार युवा तथा शक्तिदायक थे। अपने जीवन में संघर्ष करने की शक्ति स्वामी जी के विचारों से ही आती है। युवा वही है जिसमें उत्साह हो, नया कुछ करने की धमक हो। प्राचीन काल में भारत की संस्कृति वैभवशाली थी। समय के साथ इसका पतन हुआ। भविष्य में भारत कैसा हो इसके लिए अतीत एवं वर्तमान का ज्ञान होना चाहिए। तभी हम विकसित भारत की परिकल्पना को साकार कर सकते हैं। आज के युवा अपनी संस्कृति को भूलते जा रहे हैं। पश्चिमी संस्कृति को ग्रहण कर हम पतन की ओर जा रहे हैं। भारत को जानना है तो स्वामी विवेकानंद को जानना होगा।

स्वामी जी ने आगे कहा कि युवावस्था पूरे जीवन काल की सबसे महत्वपूर्ण अवस्था होती है। इस अवस्था में उन्हें ऐसे वातावरण में रहना चाहिए जहां ना केवल मानसिक और शारीरिक विकास हो बल्कि वह वातावरण उनका सांसारिक विकास कर उन्नति का मार्ग प्रशस्त कर सके। आज के दिन युवा स्वामी विवेकानंद जी के जीवन चरित्र का चिंतन मनन कर अपने जीवन में उसे आत्मसात करें।

अपने स्वागत उद्बोधन में डॉ. एन.के. चौरे, अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय बिलासपुर ने कहा कि स्वामी जी एक महान दार्शनिक होने के साथ उत्कृष्ट शिक्षाविद् भी थे। उनके विचारों को आत्मसात करने के लिए उनके कहे कर्म प्रधान मार्ग पर ही चलना होगा।
युवा किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होते हैं। वे समाज को नई ऊर्जा, नवाचार, और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में ले जाने की क्षमता रखते हैं। युवा सशक्तिकरण का अर्थ है उन्हें वह शक्ति, शिक्षा, अवसर, और संसाधन प्रदान करना, जिससे वे अपने व्यक्तिगत और सामूहिक विकास के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सके।

रासेयो कार्यक्रम अधिकारी अजीत विलियम्स ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवा सशक्तिकरण न केवल व्यक्तिगत विकास का माध्यम है, बल्कि यह पूरे राष्ट्र की प्रगति का आधार भी है। जब युवाओं को सही दिशा, अवसर और संसाधन मिलते हैं, तो वे समाज और देश को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकते हैं। इसीलिए, हमें मिलकर युवाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्वामी सेवाव्रतानंद महाराज ने मां सरस्वती की प्रतिमा एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया । 

राष्ट्रीय युवा दिवस की 40वीं वर्षगांठ के अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं हेतु "राष्ट्र निर्माण के लिए युवा सशक्तिकरण" विषय पर भाषण तथा "विकसित भारत लक्ष्य 2047" विषय पर रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया l

भाषण प्रतियोगिता में चंचल गावड़े, श्वेता टंडन, मानसी चंद्राकर, प्रियांशु तिवारी, पी. दीपिका, प्रियांशी वर्मा, अर्तिफ अली शाह, श्रेयांश श्रीवास्तव, जितेश्वर साहू, हरिचंद साहू एवं मुकेश कुमार पटेल ने राष्ट्र निर्माण के लिए युवा सशक्तिकरण विषय पर अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति दी।

चित्रकला प्रतियोगिता में श्वेता टंडन, रश्मि कैवर्त्य, आशीष पटेल एवं योगेश सिदार ने तूलिका के माध्यम से अपनी कल्पना को मूर्त रूप दिया। विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया l 

राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित आज के कार्यक्रम का संचालन वैज्ञानिक/कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना अजीत विलियम्स एवं आभार अर्चना केरकेट्टा द्वारा व्यक्त किया गया l 

राष्ट्रीय युवा दिवस के सफल आयोजन में डॉ. एस.एल.स्वामी, अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय लोरमी- मुंगेली, आर.के.एस. तोमर, एस.के.वर्मा, आर.के. साहू, अजय टेगर, अर्चना केरकट्टा, विनोद निर्मलकर, गजानंद पटेल एवं संतोष चंद्राकर का सराहनीय  सहयोग रहा। आज के आयोजन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने अपनी सहभागिता की l

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.