-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

बैंक उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों एवं हितार्थ वित्तीय योजनाओं के प्रति जागरुक करने कार्यशाला आयोजित

बैंक उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों एवं हितार्थ वित्तीय योजनाओं के प्रति जागरुक करने कार्यशाला आयोजित

गौरेला पेण्ड्रा मरवाही 06 नवंबर 2024/लीड बैंक (भारतीय स्टेट बैंक) शाखा गौरेला द्वारा स्वयंसेवी संस्था समर्पित के सहयोग से आज शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था पेंड्रा में बैंक उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों एवं उनके हितार्थ वित्तीय योजनाओं के प्रति जागरुक करने भारतीय रिजर्व बैंक की जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरुकता कार्यक्रम के द्वितीय चरण के तहत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित किया गया। कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा बैंक खाता खुलवाने, उसका संचालन, बचत योजना, वित्तीय प्रबंधन, केवायसी प्रक्रिया, बैंक ऋण, उपभोक्ताओं के अधिकार, जमाकर्ताओं के अधिकार, बैंकिंग लोकपाल, चिटफंड कंपनियों, नान बैंकिंग फाइनेंस कंपनी आदि के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि जिला लीड बैंक प्रबंधक श्री उदय कविश्वर ने कहा कि वित्तीय शिक्षा वर्तमान समय कि महत्वपूर्ण आवश्यकता है, क्योंकि आज का युवा वर्ग कल के भारत का सुत्रधार है। वर्तमान समय में युवा वर्ग को पैसे के प्रबंधन एवं निवेश के बारे में जानना बहुत ही आवश्यक है। युवाओं के लिये आवश्यक है कि वे बैंकिंग अधिकारों के बारे में जागरूक हो। युवाओं के शिक्षा, व्यवसाय आदि के लिये भारत सरकार द्वारा मुद्रा लोन, एजुकेशन लोन आदि अनेक योजनाएं चलायी जा रही है, ताकि वे अपना व्यवसाय एवं शिक्षा के कार्य को सुचारू रूप से कर सकें। उन्होंने कहा कि युवाओ को डिजिटल क्रांति से जोडने के लिये समार्पित संस्था द्वारा जो कार्यक्रम कराया जा रहा है, वो सराहनीय है। 
कार्यशाला में साईबर क्राईम जीपीएम से श्री मनोज हनोतिया ने साईबर सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों-डिजिटल अरेस्ट, फेक आई डी बनाने वाले लोग, विभिन्न प्रकार से होने वाले सायबर अपराधों पर प्रकाश डाला। समर्पित संस्था के अध्यक्ष डॉ. संदीप शर्मा ने बैंक से जुडे उपभोक्ताओं के सामने आने वाली विभिन्न परेशानियों को देखते हुये उन्हें जागरुक करने के लिये जमाकर्ता शिक्षा और जागरुकता कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जमाकर्ता अपने अधिकार और वित्तीय शिक्षा के प्रति अज्ञानता के कारण ही लगातार चिटफंड कंपनी, ऑन लाइन शॉपिंग, दूरभाष में ए.टी.एम.की जानकारी आदि माध्यमों से ठगी का शिकार हो रहे हैं, इसे ध्यान में रखते हुये कार्यशाला के माध्यम से बैंक उपभोक्ताओं को जागरुक किया जा रहा है। 
उन्होंने बताया कि जागरूकता कार्यक्रम के लिये भारतीय रिजर्व बैंक ने पूरे देशभर से मात्र 20 संस्थाओं का चयन किया है, जिनमें से एक समर्पित संस्था भी है। कार्यशाला में महिला स्व सहायता समूह एवं मितानीन लोगों को शामिल किया गया, ताकि वित्तीय शिक्षा का प्रसार जमीनी स्तर पर हो सके। कार्यशाला में जनपद सीईओ पेण्ड्रा डॉ संजय शर्मा, साईबर शाखा से सुरेश ध्रुव, एस.एस. पाबला, आईटीआई के नोडल अधिकारी डी एस आरमो, संत कुमार मराकाम, दुर्गा प्रसाद शर्मा, श्रीमती नाजनीन अली, निमेश साहू, नारायण सिंह राठौर, अभिषेक तिवारी, राजेश राठौर, आकाश रजक, संजीव दिवान, खुशी चौबे एवं समन्वयक पी एल खैरवार उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.