________________
आठवीं फेल युवक ने इंजीनियरिंग और बीए पास युवकों को रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगा
ट्रेनिंग के नाम पर प्लेटफार्म ले जाकर गिनवाता था रेल के डिब्बे
थाना मरवाही और साइबर सेल जीपीएम ने गिरोह के मुख्य सरगना कपिल बरनवाल को आसनसोल बंगाल से किया गिरफ्तार
मरवाही पुलिस द्वारा रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के सरगना कपिल बरनवाल को आसनसोल से गिरफ्तार किया गया है। थाना मरवाही क्षेत्र के ग्राम कुम्हारी निवासी पुनीत प्रधान से रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर १२ लाख रुपए की ठगी की गई थी जो रकम अलग अलग किश्तों में आसनसोल में चली 9 महीने की ट्रेनिंग के दौरान ली गई थी। जब ठगी का पता चला तो प्रार्थी के होश उड़ गए क्योंकि उसकी पूरी ट्रेनिंग और ट्रेनिंग का हर किरदार फर्जी निकला। ठगी का अहसास होते ही पुनीत ने पुलिस से संपर्क कर थाना मरवाही में अपराध दर्ज कराया था।
मरवाही पुलिस द्वारा साइबर सेल की मदद से पूर्व में भी तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था जिसमें एक युवक अमित मंडल ट्रेनिंग देता था तो विधान बैरागी और योगेश रजक स्थानीय स्तर पर युवाओं को झांसा देकर आसनसोल भेजते थे।
इनका सरगना कपिल बरनवाल फरार था और लोकेशन बदल रहा था जैसे ही मुख्य आरोपी आसनसोल आया,मरवाही पुलिस को जानकारी मिली और आसनसोल में कपिल बरनवाल को गिरफ्तार किया। आरोपी कपिल आसनसोल में भी फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर घूमने के प्रकरण में जमानत पर था ।
मरवाही पुलिस ने आरोपी की ट्रांजिट रिमांड हासिल कर उसे मरवाही ले जाकर पुलिस रिमांड पर रखा था जहां पूछताछ और तफ़्तीश करने पर पता चला कि आरोपी कपिल बरनवाल की पत्नी पूजा हलदर मेकअप आर्टिस्ट हैं जिसके जरिए कई लोगों से कपिल के संपर्क हैं जो उसके लिए ठगी करने में अलग अलग किरदार निभाते थे जैसे कभी कोई आरपीएफ वाला बन जाता तो कोई स्वास्थ्यकर्मी। पूछताछ में आरोपी कपिल ने बताया कि वह आठवीं फेल है और वह यह सब कुछ लक्जरी लाइफ जीने के लिए किया करता था।
