साफ सफाई व्यवस्था एवम अन्य व्यवस्था हुई प्रभावित।।
पेंड्रा। जिले के नगरीय निकाय के कर्मचारी पुरानी पेंशन योजना समेत 6 सूत्रीय मांग को लेकर तीन दिवसीय हड़ताल पर चले गए हैं। जिसके चलते निकायों में कामकाज ठप हो गया है। वहीं अगर बात करें तो जिले के पेंड्रा एवम गौरेला के भी कर्मचारी हड़ताल पर चले जाने से काम काज पूरी तरह बंद हो गया है। वहीं इन कर्मचारियों से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि हमारी मांग है कि नगरीय निकायों के कर्मचारियों को प्रतिमाह एक तारीख को वेतन भुगतान ट्रेजरी के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कर्मचारियों का कहना है कि नगरीय निकायों में ठेका पद्धति समाप्त करते हुए प्लेसमेंट कर्मचारियों को नगरीय निकाय के माध्यम से वेतन भुगतान किया जाए। वहीं 10 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले निकाय के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितिकरण किया जाए। नगरीय निकायों में अन्य विभाग की भाति पुरानी पेंशन योजना शीघ्र ही लागू किया जाए। सामान्य प्रशासन विभाग एवं वित्त विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश निर्देश जिस तिथि से जारी हो उस तिथि से आदेश निर्देश सभी नगरीय निकायों में पूर्णतः लागू किया जाए। नगरीय निकायों में मृतक कर्मचारी के परिवारों को शीघ्र ही संभाग स्तर में रिक्त पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान किया जाए. नगरीय निकायों में कार्यरत नियमित कर्मचारियों को 12 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर चैनल निर्धारित करते हुए संभाग स्तर में रिक्त पद पर पदोन्नति की कार्यवाही शीघ्र की जाए. नगरीय निकायों के कर्मचारियों को 6 वें व 7वें वेतनमान की एरियर्स की राशि का भुगतान के लिए शीघ्र ही आदेश निकाला जाए. इन मांगों को लेकर निकाय के कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। जिसके कारण शहर में अति आवश्यक कार्य जैसे सफाई, विद्युत, पेयजल आपूर्ति जैसी बाधित रही। लेकिन नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों के द्वारा पेयजल की आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी।
