-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कोरिया मिलेट्स कैफे की सफलता पर जताई खुशी

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कोरिया मिलेट्स कैफे की सफलता पर जताई खुशी
विस्तार से जानकारी लेकर लखपति दीदी सुश्री हीना के लिए बजवाई ताली
कोरिया 25 अगस्त 2024 - कोरिया जिले में परम्परागत खाद्यान को लेकर समूह की दीदियां जिस तरह से मिलेट्स कैफे का संचालन कर रही हैं, यह हमारी बहनो की मेहनत और सफलता के लिए
एक नई इबारत लिख रहा है। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज महाराष्ट्र के जलगांव में कोरिया मिलेट्स कैफे की खुलकर तारीफ की। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित लखपति दीदी सम्मेलन में कोरिया जिले में ग्राम पंचायत पटना के रोशनी स्व सहायता समूह की सुश्री हीना बेगम से संवाद किया और उनके सामूहिक सफलता के लिए उपस्थित जनसमूह से तालियां बजवाईं। कोरिया जिले में महिलाओं के स्व सहायता समूहों की सफलता की कड़ी में एक और उपलब्धि हासिल हुई है। लखपति दीदी के रूप में कोरिया मिलेट्स कैफे की सञ्चालक सुश्री हीना बेगम को आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से मिलने का अवसर मिला और श्री मोदी ने हीना से आत्मीय बातचीत की। सबसे पहले श्री मोदी ने हीना से उनका परिचय प्राप्त किया। फिर उनके काम करने के बारे में विस्तार से जानकारी ली। हीना बेगम ने उन्हें बताया कि हमारे रोशनी स्व सहायता समूह के द्वारा 4 अन्य समूहों के साथ मिलकर मिलेट्स कैफे का संचालन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हीना से कैफे द्वारा अर्जित आय और मिलेट्स कि उपलब्धता के बारे में भी जानकारी ली। हीना की सफलता से प्रसन्न होकर श्री मोदी ने कोरिया मिलेट्स कैफे के सफल संचालन के लिए तालियां बजवाकर हीना को प्रोत्साहित किया। 
      विदित हो कि पूरे प्रदेश में एक अलग पहचान बनाते हुए कोरिया जिले में गत वर्ष 10 मई को कोरिया मिलेट्स कैफ़े का संचालन आरम्भ किया गया था। रोशनी स्व सहायता समूह की दीदियों द्वारा प्रारम्भ हुए इस कैफे में अब एकता स्व सहायता समूह, मां शारदा स्व सहायता समूह, राधा स्व सहायता समूह तथा साक्षर स्व सहायता समूह की कुल 38 महिलाओं को स्वरोजगार प्राप्त हो रहा है। इस कैफे के संचालन में अब तक 92 लाख रुपए का व्यवसाय किया जा चुका है और इसमें 23 लाख रुपये से ज्यादा की आमदनी प्राप्त हो चुकी है। वर्तमान में यह कैफे बेहद लोकप्रिय हो कर स्थानीय स्तर पर निरन्तर अच्छा व्यवसाय अर्जित कर रहा है। आज जलगांव में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरिया मिलेट्स की सराहना करते हुए अन्य महिलाओं को भी इसी तरह सफल उद्यमी बनने का आवाहन किया है।
 
*श्रीमती चन्दन त्रिपाठी*(कलेक्टर कोरिया)-

स्व सहायता समूहो में जुड़कर, कर्मठता से स्वरोजगार कर रही दीदियों की मेहनत अब रंग ला रही है। कोरिया मिलेट्स कैफे का सफल संचालन इनकी सफलता की कहानी खुद कह रहा है। देश के प्रधानमंत्री जी द्वारा कोरिया की लखपति दीदी से संवाद और उत्साहवर्धन हमे और बेहतर करने के लिए ऊर्जा देगा। सीईओ जिला पंचायत और बिहान की पूरी टीम ने एक नया आयाम स्थापित किया है, सभी को बधाई और शुभकामनाएं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.