गौरेला पेंड्रा मरवाही, 9 जुलाई 2024/ कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने सप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभागवार जनसमस्याओं एवं जनशिकायतों के निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करने अधिकारियों को निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों को सामान प्रशासन विभाग के दिशा निर्देशों के तहत शीघ्र निराकृत करने के साथ ही विभिन्न परियोजनाओं के लिए किए गए भूमि अधिग्रहण की मुआवजा राशि, राजीव युवा मितान क्लब योजना के तहत प्रदत्त राशि की उपयोगिता प्रमाण पत्र, शासकीय उचित मूल्य दुकानों में शत-प्रतिशत ईकेवाईसी एवं पीडीएस के तहत दुकान संचालकों द्वारा राशन वितरण में अनियमितता बरतने की शिकायत की जांच सही पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय भूमि से कब्जा हटाने, जन्म मृत्यु पंजीयन, लीड बैंक मैनेजर को केसीसी और रोजगार-स्वरोजगार से संबंधित प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई करने, विशेष पिछड़ी जनजाति केंद्रीय योजना के तहत स्वीकृत पूर्ण कार्यों की छाया चित्र के साथ पूर्णता-उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने, लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार द्वारा लंबित लेबर पेमेंट का भुगतान कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को शासन द्वारा समय-समय पर चाही गई विभागीय जानकारी एवम उपलब्धि त्वरित रूप से उपलब्ध कराने, स्कूल परिसरों में जर्जर शासकीय भवनों डिस्मेंटल कराने, शत प्रतिशत स्कूली बच्चों का जाति प्रमाण पत्र बनवाने, पीएम जनमन योजना के तहत हुए कार्यों की जानकारी गूगल सीट पर शीघ्र अपलोड कराने, दिव्यांग छात्रवृत्ति योजना का अधिक से अधिक लाभ का दिलाने सहित विभिन्न लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती नम्रता आनंद डोंगरे, परियोजना निदेशक डीआरडीए श्री केपी तेंदुलकर, एसडीएम मरवाही श्री दिलेराम डाहिरे सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।
