केंद्रीय अर्ध सैनिक बल आईटीबीपी ने बस्तर व महाराष्ट्र सीमावर्ती धुर नक्सल प्रभावित निडेली गांव में मेडिकल व जागरूकता कैम्प किया आयोजित, शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक किया क्षेत्र के आदिवासी ग्रामीणों को
__________________________________
जिले के नक्सल प्रभावित मानपुर ब्लॉक में नक्सल मोर्चे पर तैनात केंद्रीय अर्ध सैनिक बल भारत-तिब्बत सीमा पुलिस यानी आईटीबीपी की 27वीं बटालियन ने महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले तथा बस्तर के कांकेर ज़िले से लगे बीहड़ों में बसे ग्राम निडेली में निशुल्क मेडिकल और पशु चिकित्सा कैम्प आयोजित किया I कैंप के दौरान आईटीबीपी के चिकित्सा अधिकारी द्वारा जरूरतमंद ग्रामीण आदिवासियों के साथ साथ ग्रामीणों के पशुओं का भी आवश्यकता अनुसार इलाज किया। वहीं शासन की योजनाओं के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करते हुए उन्हें मुफ्त दवाइयां व अन्य सामग्रियां भी वितरित की।
कैंप के दरमियान ITBP 27 वीं बटालियन के कमांडेंट विवेक कुमार पाण्डेय ने शिविर में उपस्थित ग्रामवासियों और गाँव के युवाओं को शिक्षा व उज्जवल भविष्य के लिए प्रेरित किया I कमांडेंट ने ग्रामीणों से स्वास्थ्य और गाँव में साफ़ सफ़ाई के विषय में चर्चा की तथा लोगों को स्वच्छता के विषय में जागरूक भी किया I उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के विषय में भी लोगों को साथ मिलकर काम करने हेतु आह्वान किया I इस मौक़े पर केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के विषय में भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया I
कैम्प में आइटीबीपी के चिकित्सक श्री वीरेंद्र द्वारा गाँव के बुजुर्गों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों का निःशुल्क चिकित्सा जाँच किया गया तथा उन्हें आवश्यक दवाइयाँ प्रदान की गईं I साथ ही आईटीबीपी के पशु चिकित्सा अधिकारियों- डॉक्टर मनोरंजन तथा डॉक्टर ब्रजेश ने ग्रामीणों के पशुओं की चिकित्सा जाँच की। वहीं आवश्यकतानुसार पशुओं को टीके भी इस दौरान लगाए गए। तथा पशुधन के बेहतर स्वास्थ्य के लिए दवाइयों का भी वितरण किया गया I
कैम्प में युवक युवतियों को ट्रैक पैंट का भी वितरण किया गया I यह पहली बार है जब घने जंगलों के बीच बसे धुर नक्सल प्रभावित निडेली गाँव में जनता के लिए इस प्रकार का सिविक एक्शन प्रोग्राम सह सहायता, चिकित्सा, जागरूकता कैम्प आयोजित किया गया है I इस अवसर पर निडेली के ग्राम पटेल हरसिंग बैगा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा और बच्चे उपस्थित रहे I
