-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर ने ली बैठक

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर ने ली बैठक


गरिमामय आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्व

           गौरेला पेंड्रा मरवाही 23 जुलाई 2024/आगामी 15 अगस्त को जिला मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने आज कलेक्ट्रेट के अरपा सभाकक्ष में जिला अधिकारियों की बैठक ली। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी गुरुकुल खेल मैदान गौरेला में हर्षोल्लास और गरिमामय आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गये। उन्होंने मैदान का समतलीकरण, साफ-सफाई, शामियाना-टेंट, कुर्सी, माइक, बैरीकेट, पेयजल, शौचालय, आमंत्रण पत्र, मंच की साज सज्जा एवं ध्वजा पताका, चौक-चौराहों पर देशभक्ति गीत का प्रसारण, परेड की व्यवस्था आदि के लिए अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारी सौंपी। 
          कलेक्टर ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रशस्ति पत्र हेतु अधिकारियों-कर्मचारियों का चयन करने, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों को सम्मानित करने, अंतिम तैयारी के पूर्व रिहर्सल सहित सभी आवश्यक तैयारियां समय पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल, अपर कलेक्टर नम्रता आनंद डोंगरे, परियोजना निदेशक डीआरडीए केपी तेंदुलकर, संयुक्त कलेक्टर प्रिया गोयल, एसडीएम मरवाही दिलेराम डाहिरे, जिला शिक्षा अधिकारी जे के शास्त्री, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास डॉ ललित शुक्ला, मुख्य नगर पालिका अधिकारी गौरेला, पेंड्रा एवं मरवाही, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, जिला खाद्य अधिकारी, सभी तहसीलदार, सभी जनपद सीईओ सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.