-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

आम महोत्सव में कृषि महाविद्यालय बिलासपुर की उपलब्धि ....आम की 58 किस्मों का संग्रहण

आम महोत्सव में कृषि महाविद्यालय बिलासपुर की उपलब्धि ....
आम की 58 किस्मों का संग्रहण

आम महोत्सव में आम की 325 से अधिक किस्में एवं 56 व्यंजनों को प्रदर्शित किया गया


बिलासपुर - इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर, संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी, छत्तीसगढ़ शासन तथा प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 12 से 14 जून 2024 तक कृषि महाविद्यालय परिसर रायपुर में राष्ट्रीय आम महोत्सव का आयोजन किया गया था। छत्तीसगढ़ के कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग, आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग मंत्री श्री रामविचार नेताम ने तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अनुज शर्मा, विधायक, धरसींवा, श्री मोतीलाल साहू, विधायक, रायपुर ग्रामीण एवं संचालक उद्यानिकी श्री एस. जगदीशन उपस्थित थे। 

आम महोत्सव का शुभारंभ करते हुए कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ की मिट्टी और जलवायु सभी प्रकार की फसलों के उत्पादन के लिए उपयुक्त है। यहां अनाज, दलहन, तिलहन, फल, फूल, मसाले तथा औषधीय फसलों की खेती आसानी से की जा सकती है। आज प्रदेश में बहुत से किसान परंपरागत फसलों की बजाय उद्यानिकी, औषधीय एवं मसाला फसलों की खेती के आगे आ रहे हैं, उन्हें राज्य सरकार द्वारा बढ़ावा दिया जा रहा है। श्री नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में बड़ी संख्या में किसान आम की खेती कर रहे हैं। आम महोत्सव में आकर पता चला कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में विविध प्रकार के आमों का उत्पादन हो रहा है, जिनमें दशहरी, लंगड़ा, हापुस, केशर, नीलम, चौसा, नूरजहां, हिमसागर जैसी उन्नत किस्मों के साथ ही आम की बहुत सी देशी किस्में तथा मियाजाकी, थाई बनाना, रैड पामर जैसी विदेशी किस्में भी आसानी से उगाई जा रहीं है। 

आम प्रदर्शनी के अवलोकन अवसर पर कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने मुख्य अतिथि महोदय को अवगत कराया की इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत बै.ठ.छे. कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर में आम की 58 किस्मों का संग्रहण, संरक्षण एवं संवर्धन किया किया गया है जो छत्तीसगढ़ राज्य हेतु एक उपलब्धि है। मुख्य अतिथि महोदय ने उद्यानिकी प्रक्षेत्र, कृषि महाविद्यालय बिलासपुर की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने कहा कि कृषि विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों की 327 किस्मों के आमों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके साथ ही कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों तथा छात्रों द्वारा निर्मित आम के 56 व्यंजनों का प्रदर्शन भी किया जा रहा है। 

समारोह में छत्तीगसढ़ के बिलासपुर जिले में आम का उत्पादन करने वाले प्रगतिशील कृषक श्री बजरंग केडिया को सम्मानित किया गया। 

आयोजन के द्वितीय दिवस मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन एवं कृषि उत्पादन आयुक्त श्रीमती शेहला निगार ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। श्रीमती शेहला निगार ने कृषि महाविद्यालय,बिलासपुर का छत्तीसगढ़ में उच्च गुणवत्ता के आम की विभिन्न किस्मों के उत्पादन एवं विशेष रूप से छत्तीसगढ़ में आम की अरुणिमा किस्म को उत्पादित करने के लिए प्रशंसा की।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि संभागायुक्त रायपुर एवं महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, मर्रा, पाटन के कुलपति डॉ. संजय अलंग थे। 

समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. संजय अलंग ने कहा कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय आम महोत्सव एक अनोखा और सफल आयोजन रहा।

उन्होंने इस सफल आयोजन हेतु इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल, प्रशासनिक अधिकारियों, वैज्ञानिकों तथा आयोजन समिति के सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। 

समापन समारोह में आम महोत्सव के दौरान लगाई गई प्रदर्शनी के अंतर्गत विभिन्न श्रेणीयों में शामिल प्रादर्शां के के अंतर्गत बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर के उद्यानिकी प्रक्षेत्र में संग्रहित अल्फांसो, लंगड़ा, दशहरी, चौसा, अरुणिमा किस्मों को प्रथम तथा बैगनफली किस्म को द्वितीय स्थान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाली उत्कृष्ट संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया। जिसमें कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर के उद्यानिकी प्रक्षेत्र को 58 किस्म के आमों के संग्रहण, संरक्षण एवं संवर्धन हेतु प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करते हुए उद्यानिकी प्रक्षेत्र प्रभारी एवं प्राध्यापक (उद्यानिकी) डॉ. संजय कुमार वर्मा ने इसका श्रेय इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के माननीय कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल, संचालक अनुसंधान डॉ. विवेक कुमार त्रिपाठी के कुशल नेतृत्व एवं डॉ. आर.के.एस. तिवारी, अधिष्ठाता कृषि महाविद्यालय, बिलासपुर के सफल मार्गदर्शन को दिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.